कोरिया। एक बार फिर कोरिया जिले में कोल माफियाओं का आतंक देखने को मिल रहा है। चरचा और पटना थाना क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और चोरी का खेल खुलेआम जारी है। सूत्रों के अनुसार, कोल माफिया इन दिनों पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं और स्थानीय ईंट-भट्टों में अवैध रूप से निकाले गए कोयले की सप्लाई धड़ल्ले से की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, नान डबरा क्षेत्र सहित चरचा की खदानों से अवैध तरीके से कोयला निकाला जा रहा है। रात के अंधेरे में खदानों से कोयला निकालकर ट्रैक्टरों और अन्य छोटे वाहनों के जरिए आसपास के ईंट-भट्टों तक पहुंचाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अवैध गतिविधि लंबे समय से चल रही है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि कोयला चोरी के कारण न केवल सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है, बल्कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति भी बिगड़ती जा रही है। कोल माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे किसी भी कार्रवाई से बेखौफ नजर आ रहे हैं। कई बार शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। ईंट-भट्टों में अवैध कोयले के उपयोग से पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है। धुएं और प्रदूषण के कारण आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद संबंधित विभागों की चुप्पी चिंता का विषय बनी हुई है। अब देखना यह है कि खनिज विभाग, पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन इस गंभीर मामले पर कब तक संज्ञान लेते हैं और कोल माफियाओं पर सख्त कार्रवाई कर पाते हैं, या फिर यह अवैध कारोबार इसी तरह फलता-फूलता रहेगा।

0 टिप्पणियाँ