बैकुण्ठपुर। जिले के वार्ड नंबर 8 में उस समय सनसनी फैल गई जब एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया गया। जानकारी के अनुसार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आसा प्रजापति (उम्र 40 वर्ष), पति अशोक प्रजापति, निवासी चेर, रोज की तरह सुबह लगभग 7 बजे अपने घर से आंगनवाड़ी केंद्र के लिए निकली थीं। उनका घर केंद्र से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। बताया जा रहा है कि कार्य पूर्ण करने के बाद जब वह करीब 11 बजे वापस घर लौट रही थीं, तभी रास्ते में एक सफेद रंग की कार आकर रुकी। आरोप है कि कार सवार लोगों ने उन्हें जबरन रोककर उनका हाथ पकड़कर गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गई और शोर मचाने लगी। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया और गाड़ी को रुकवाने की कोशिश की। इसी बीच महिला के पति अशोक प्रजापति, जो किसी काम से बैकुंठपुर जाने के लिए घर से निकल रहे थे, को भी स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल अपने क्षेत्र के पार्षद को अवगत कराया और फिर सीधे कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ