Ticker

6/recent/ticker-posts

मुख्य नगर पालिका अधिकारी के निर्देश पर शिवपुर-चर्चा में चौपाटी व्यवस्थित, सफाई अभियान तेज

कोरिया। शिवपुर-चर्चा नगर पालिका क्षेत्र में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के निर्देश पर साफ-सफाई और व्यवस्था सुधार को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे इस अभियान के सकारात्मक परिणाम अब नजर आने लगे हैं। इसी क्रम में शिवपुर-चर्चा स्थित चौपाटी क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। लंबे समय से यहां गंदगी और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने सख्त कदम उठाए।


सफाई कर्मचारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र की सफाई की और कचरे का समुचित निपटान कराया। चौपाटी क्षेत्र में सड़क किनारे ठेला लगाकर दुकान संचालित करने वाले व्यापारियों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती थी, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने चौपाटी को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। नगर पालिका की कार्रवाई के तहत अब चौपाटी क्षेत्र में व्यापारियों के लिए व्यवस्थित स्थान चिन्हित करने और आवश्यक सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है। साथ ही सड़क किनारे अनियमित रूप से लगने वाली दुकानों को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। इसके अलावा, कुछ लोगों द्वारा चौपाटी क्षेत्र में अनियमित रूप से वाहन खड़े किए जाने की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहनों को हटवाया गया और क्षेत्र को खाली कराकर सफाई सुनिश्चित की गई। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका की इस पहल का स्वागत करते हुए प्रशासन की सराहना की है। लोगों का कहना है कि ऐसे प्रयासों से शहर की सुंदरता बढ़ेगी और आमजन को राहत मिलेगी। नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इसी तरह नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जाएगा और शहर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ