Ticker

6/recent/ticker-posts

अब हर सोमवार को होगी समय-सीमा की बैठक और जनदर्शन, जिला प्रशासन का सराहनीय निर्णय


कोरिया। जिला प्रशासन द्वारा प्रशासनिक कार्यों को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक के आयोजन में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब यह बैठक प्रत्येक सोमवार को प्रातः 10 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही बैठक के तुरंत बाद जनदर्शन कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे।

अब तक यह व्यवस्था प्रत्येक मंगलवार को लागू थी, जब कलेक्टर द्वारा जिले के समस्त अधिकारियों की बैठक ली जाती थी। इस बैठक में शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा, विभागीय कार्यों की प्रगति, लंबित मामलों का निराकरण तथा आम जनों को मिल रही सुविधाओं का आंकलन किया जाता था। साथ ही यह भी देखा जाता था कि शासन की योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक कितनी प्रभावी तरीके से पहुंच रहा है।

नए निर्देश के अनुसार अब यह समस्त प्रक्रिया मंगलवार के स्थान पर सोमवार को ही संपन्न होगी। इससे सप्ताह की शुरुआत में ही प्रशासनिक दिशा-निर्देश स्पष्ट हो जाएंगे और अधिकारियों को पूरे सप्ताह कार्य करने के लिए बेहतर मार्गदर्शन मिल सकेगा। साथ ही जनदर्शन कार्यक्रम को बैठक के तुरंत बाद आयोजित करने से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा सकेगा। कलेक्टर द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि समय-सीमा की बैठक के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करें और निर्धारित एजेंडा के अनुसार तैयारी के साथ बैठक में उपस्थित रहें। यह बदलाव प्रशासन की कार्यप्रणाली को और अधिक सक्रिय, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। जिला प्रशासन का यह निर्णय निश्चित रूप से सराहनीय है, क्योंकि इससे न केवल अधिकारियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी, बल्कि आम जनता को भी अपनी समस्याएं रखने और उनके समाधान प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा। सप्ताह के पहले ही दिन समीक्षा और जनसुनवाई की व्यवस्था से शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी होगा और जनता को त्वरित राहत मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ