बैकुंठपुर। भीषण गर्मी को देखते हुए आम जनता को पेयजल की समस्या से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। हाल ही में आयोजित साप्ताहिक बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि जिले में जहां भी हैंडपंप खराब हैं, उनकी मरम्मत तत्काल सुनिश्चित की जाए। इसी के तहत पीएचई (लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी) विभाग की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उरुमदुगा क्षेत्र में खराब पड़े हैंडपंप को दुरुस्त कर दिया है। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से हैंडपंप खराब होने के कारण लोगों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कलेक्टर के निर्देश मिलते ही पीएचई विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक तकनीकी सुधार कार्य करते हुए हैंडपंप को पुनः चालू कर दिया। इससे क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता बहाल हो गई है और ग्रामीणों को राहत मिली है। प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिले में पेयजल व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जहां-जहां से शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वहां तत्काल टीम भेजकर समस्या का निराकरण किया जा रहा है। गर्मी के मौसम में किसी भी गांव या बस्ती में पानी की कमी न हो, इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाने के लिए विद्युत विभाग भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित क्षेत्र में खराब पड़े ट्रांसफार्मर के सुधार का कार्य निरंतर जारी है। तकनीकी टीम लगातार काम कर रही है ताकि जल्द से जल्द नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सके। प्रशासन का लक्ष्य है कि आंगनबाड़ी केंद्र सहित सभी आवश्यक सेवाओं में बिजली की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित हो। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। जिला प्रशासन का कहना है कि आम नागरिकों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लगातार की जा रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रहा है।