Ticker

6/recent/ticker-posts

शंकरपुर खसरा नंबर 157 में बड़ा भूमि विवाद, चार वारिसों के नाम गायब होने का आरोप


बैकुण्ठपुर। ग्राम शंकरपुर के खसरा नंबर 157 को लेकर एक गंभीर भूमि विवाद सामने आया है, जिसमें एक ही परिवार के चार वारिसों के नाम राजस्व अभिलेखों से गायब होने का आरोप लगाया गया है। जानकारी के अनुसार संबंधित भूमि पूर्व में परिवार के सभी वारिसों के नाम दर्ज थी, लेकिन हालिया अभिलेखों में केवल एक पुत्र का नाम दर्ज पाया गया है, जिससे अन्य वारिसों में नाराजगी और आक्रोश है।

प्रभावित पक्ष ने इस मामले को लेकर राजस्व विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बिना किसी विधिक प्रक्रिया और सहमति के नामांतरण किया गया, जो कि नियमों के विरुद्ध है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह कार्य जानबूझकर किया गया है ताकि अन्य वारिसों को उनके वैधानिक अधिकारों से वंचित किया जा सके। मामले के उजागर होने के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस प्रकार से रिकॉर्ड में हेरफेर किया जा रहा है, तो यह न केवल संबंधित परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए चिंता का विषय है। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच की जाएगी और यदि कोई अनियमितता पाई जाती है तो संबंधितों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच पर टिकी हुई हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि आखिर किस परिस्थिति में चार वारिसों के नाम रिकॉर्ड से हटाए गए और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ