Ticker

6/recent/ticker-posts

कोरिया जिले में भीषण गर्मी को देखते हुए लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी



कोरिया। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में बढ़ती भीषण गर्मी एवं लू की स्थिति को ध्यान में रखते हुए बचाव और प्रबंधन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कलेक्टर ने आमजन से अपील की है कि वे लू के प्रति सतर्क रहें तथा इसके लक्षणों की पहचान कर समय पर आवश्यक सावधानियां अपनाएं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि लू लगने के प्रमुख लक्षणों में सिर में भारीपन और दर्द, तेज बुखार के साथ मुंह सूखना, चक्कर आना, उल्टी होना, शरीर में कमजोरी व दर्द, अधिक तापमान के बावजूद पसीना न आना, अत्यधिक प्यास लगना, पेशाब कम आना, भूख कम लगना तथा गंभीर स्थिति में बेहोशी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। डॉ. सिंह ने बताया कि तेज धूप और अत्यधिक गर्मी में लंबे समय तक रहने से शरीर में पानी और आवश्यक खनिज, विशेषकर नमक की कमी हो जाती है, जिससे लू लगने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी में आमजन को सलाह दी गई है कि अत्यावश्यक न हो तो दोपहर के समय घर से बाहर न निकलें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर और कान को कपड़े से ढककर रखें तथा हल्के और ढीले कपड़े पहनें। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस या तरल पदार्थ का सेवन करते रहें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। जिला प्रशासन ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं और आवश्यक दवाओं एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा है कि गर्मी के इस मौसम में आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ