बैकुण्ठपुर। कोरिया जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर की सिटी कोतवाली पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सत्तीपारा निवासी सुरेश राजवाड़े के खेत से अवैध रूप से उगाए गए 75 नग गांजा के पौधे बरामद कर जब्त किए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पौधों को कब्जे में लिया तथा संबंधित प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। इस कार्रवाई को जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोतवाली पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई सराहनीय है और इससे नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने का संदेश गया है। हालांकि, लोगों का यह भी कहना है कि जिले में केवल अवैध खेती ही नहीं, बल्कि कई स्थानों पर खुलेआम गांजा की बिक्री होने की शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं।
शहर के भण्डारपारा, नरकेली, आमापारा सहित अन्य मोहल्लों में कथित रूप से छोटे स्तर पर गांजा बेचने वाले सक्रिय होने की चर्चाएं समय-समय पर होती रही हैं। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि पुलिस इन क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखकर मुखबिर तंत्र को सक्रिय करे और अभियान चलाए, तो अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। नशे के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए अभिभावकों और सामाजिक संगठनों ने भी पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गांजा की अवैध खेती के साथ-साथ इसकी खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क पर भी कठोर कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए लगातार अभियान चलाना आवश्यक है। फिलहाल सत्तीपारा में 75 गांजा के पौधों की बरामदगी को कोतवाली पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय अन्य कथित गांजा विक्रेताओं के विरुद्ध पुलिस कब और किस प्रकार की कार्रवाई करती है। पुलिस का कहना है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

0 टिप्पणियाँ