बैकुण्ठपुर। जिले की सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सत्तीपारा में एक घर की बाड़ी से गांजे की खेती का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से लगभग 75 हरे-भरे गांजे के पौधे बरामद कर जब्त किए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सत्तीपारा निवासी सुरेश राजवाड़े अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रहा था। इस संबंध में पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी। जांच के दौरान बाड़ी में बड़ी संख्या में गांजे के पौधे लगे मिले, जिन्हें पुलिस ने उखाड़कर जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी सुरेश राजवाड़े को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जब्त किए गए गांजे के पौधों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कब्जे में लिया गया। आरोपी के विरुद्ध मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी कब से गांजे की खेती कर रहा था तथा इस अवैध कारोबार में कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क शामिल है या नहीं। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी या खेती की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके।

0 टिप्पणियाँ