बैकुण्ठपुर। कोरिया जिले में शुक्रवार को हुई बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बैकुण्ठपुर विकासखंड के खरवत गांव में खेत में धान की रोपाई कर रही छह महिलाएं अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। हादसे में सभी महिलाएं घायल हो गईं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम के समय तेज बारिश और गरज-चमक के बीच महिलाएं खेत में रोपा लगाने का कार्य कर रही थीं। इसी दौरान अचानक खेत के पास आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में सभी छह महिलाएं आ गईं। बिजली गिरते ही खेत में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल सहायता के लिए पहुंचे।ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को खेत से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय बैकुण्ठपुर पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का इलाज जारी है। इनमें से दो महिलाओं की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है, जबकि चार महिलाओं का जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे तथा घायलों के उपचार की जानकारी ली। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लगातार बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली की घटनाएं बढ़ने से प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि गरज-चमक और तेज बारिश के दौरान खुले मैदान, खेतों तथा पेड़ों के नीचे जाने से बचें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें। इस घटना के बाद खरवत गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने मौसम खराब होने पर खेतों में काम करने वालों के लिए समय-समय पर चेतावनी और जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ