Ticker

6/recent/ticker-posts

झुमका बांध पार्किंग में अवैध वसूली का खेल फिर शुरू, ₹10 की जगह ₹20 की वसूली


बैकुण्ठपुर। जिला मुख्यालय के प्रमुख पर्यटन स्थल झुमका बांध में पार्किंग व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। पार्किंग शुल्क के नाम पर निर्धारित दर से अधिक राशि वसूले जाने का आरोप सामने आया है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों के अनुसार मोटरसाइकिल से निर्धारित ₹10 के स्थान पर ₹20, ₹20 की श्रेणी में ₹30 तथा अन्य वाहनों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लिए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी पार्किंग में अधिक शुल्क वसूली को लेकर खबर प्रकाशित की गई थी। खबर के बाद एक-दो दिनों तक निर्धारित नियमों के अनुसार पार्किंग शुल्क लिया गया, लेकिन अब एक बार फिर कथित रूप से मनमानी वसूली शुरू हो गई है। इससे झुमका बांध घूमने आने वाले पर्यटकों में नाराजगी देखी जा रही है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि पार्किंग शुल्क की निर्धारित दरें तय हैं तो उनसे अधिक राशि किसके निर्देश पर वसूली जा रही है? क्या संबंधित अधिकारियों को इस पूरे मामले की जानकारी नहीं है या फिर ठेकेदार को किसी प्रभावशाली अधिकारी का संरक्षण प्राप्त है? वहीं यह भी चर्चा है कि पार्किंग ठेकेदार द्वारा लंबे समय से ठेके की मासिक किस्त जमा नहीं किए जाने के बावजूद पार्किंग संचालन की अनुमति दी जा रही है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में कई नोटिस भी जारी हो चुके हैं। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। जिला मुख्यालय में ही यदि निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली और नियमों की अनदेखी की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होती, तो आम लोगों के बीच प्रशासन की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले की जांच कर अवैध वसूली पर रोक लगाता है या फिर मामला महज नोटिस तक ही सीमित रहता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ