बैकुंठपुर। नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर के वार्ड क्रमांक 9 में चल रहे नाली निर्माण कार्य को लेकर एक बार फिर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका के संबंधित इंजीनियर द्वारा आपत्ति जताने और निर्देश देने के बावजूद ठेकेदार ने रात के समय नाली के ऊपर लगभग 8 फीट का स्लैब ढाल दिया। जानकारी के अनुसार, अधिकारियों को पहले ही अवगत कराया गया था कि 8 फीट लंबे स्लैब के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप 10-12 एमएम सरिया लगाया जाना चाहिए, लेकिन निर्माण कार्य में केवल 10 एमएम सरिया का ही उपयोग किया गया। आरोप है कि अधिकारी की आपत्ति के बाद भी ठेकेदार ने दिन के बजाय रात में स्लैब डालकर कार्य पूरा कर दिया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नाली निर्माण में गुणवत्ता संबंधी नियमों की लगातार अनदेखी की जा रही है। निर्माण कार्य के दौरान कंक्रीट को मजबूत और टिकाऊ बनाने के लिए वाइब्रेटर का उपयोग अनिवार्य माना जाता है, लेकिन नाली और स्लैब निर्माण में वाइब्रेटर का इस्तेमाल नहीं किया गया। इससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य की शिकायत नगर पालिका संबंधितों को भी दी जा चुकी है। इसके बावजूद ठेकेदार की कार्यशैली में कोई सुधार नहीं दिख रहा है। आरोप है कि ठेकेदार सतीश कुमार निर्माण स्थल से लगभग 80 से 90 किलोमीटर दूर रहते हैं, जिसके कारण कार्य की नियमित निगरानी नहीं हो पा रही है। साथ ही यह भी आरोप है कि वे अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने के बजाय मनमाने तरीके से निर्माण कार्य करा रहे हैं। अब स्थानीय नागरिकों ने पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराते हुए दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ