Ticker

6/recent/ticker-posts

धान के साथ दलहन-तिलहन की खेती बढ़ाएं, मत्स्य पालन और डेयरी को दें बढ़ावा

प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने विभागवार समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश

कोरिया। छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मत्स्य पालन एवं पशुधन विकास विभाग के मंत्री तथा कोरिया जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभागवार समीक्षा बैठक ली। उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने जिले में दलहन और तिलहन का रकबा बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों को धान के साथ दलहन-तिलहन की खेती के लिए प्रोत्साहित करने तथा फसल विविधीकरण से होने वाले आर्थिक लाभ एवं शासन की योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए। मत्स्य पालन विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन ग्रामीणों के लिए लाभदायक व्यवसाय बन सकता है। अधिक से अधिक ग्रामीणों और हितग्राहियों को मत्स्य पालन से जोड़कर उन्हें प्रशिक्षण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने एकीकृत कृषि प्रणाली को बढ़ावा देने के साथ स्व-सहायता समूहों और ग्रामीणों को बकरी पालन, कुक्कुट पालन, मत्स्य पालन, सब्जी एवं फूलों की खेती जैसी गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।

डेयरी क्षेत्र की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि कोरिया जिले में डेयरी उद्योग को बढ़ावा देने की पर्याप्त संभावनाएं हैं। पशुपालकों और किसानों को डेयरी गतिविधियों से जोड़कर दूध उत्पादन तथा गौपालन को प्रोत्साहित किया जाए। मंत्री ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग को खाद और बीज की समय पर तथा पारदर्शी उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिलेट्स के साथ मुनगा की खेती को बढ़ावा देने और किसानों को इसके पोषण एवं व्यावसायिक लाभों की जानकारी देने की बात कही। बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा हुई। कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने बताया कि जिले में अब तक 2015 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें 1440 का निराकरण किया जा चुका है। मंत्री ने लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर देते हुए उन्होंने किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर सख्ती बरतने को कहा। सोनहत जनपद में निर्माणाधीन एकलव्य छात्रावास के कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में नवनिर्मित जिला अस्पताल के शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों को वितरित होने वाले गणवेश एवं साइकिल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वन विभाग एवं गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व की समीक्षा में कोरिया में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने, जंगलों में आग की रोकथाम और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए गए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ