पहले ही प्रकाशित हो चुकी थी पुलिया की बदहाली की खबर, ध्यान दिया जाता तो नहीं आती ऐसी नौबत
बैकुण्ठपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के चरचा कॉलरी क्षेत्र में नेशनल हाईवे से जुड़ने वाली महत्वपूर्ण पुलिया धंसने के बाद शिवपुर-चरचा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने का सीधा असर स्थानीय लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों पर भी पड़ा है। स्कूल बसों की आवाजाही रुकने से हजारों विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भारी वाहनों और बारिश से बढ़ा दबाव
बताया जा रहा है कि चरचा कॉलरी क्षेत्र में लगातार भारी कोयला परिवहन और बारिश के कारण पुलिया पर दबाव बढ़ता गया। इसके बाद पुलिया का एक हिस्सा धंस गया और मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार यह रास्ता क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है और इसके बंद होने से करीब 25 हजार की आबादी प्रभावित हुई है।
स्कूल बसों सहित जरूरी वाहनों की आवाजाही प्रभावित
मार्ग बंद होने के कारण स्कूल बसों के पहिए थम गए हैं। इससे बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है। वहीं, दैनिक जरूरतों का सामान लेकर आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। मार्ग बंद होने से स्थानीय लोगों की आवाजाही और परिवहन व्यवस्था पर असर पड़ा है।
पहले ही प्रकाशित हुई थी खबर, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
पुलिया की स्थिति को लेकर समाचार का प्रकाशन पहले ही किया जा चुका था। इसके बावजूद यदि समय रहते संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत या सुरक्षा के इंतजाम किए जाते, तो आज यह स्थिति निर्मित नहीं होती। पुलिया धंसने के बाद अब करीब 25 हजार लोगों के आवागमन का संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया की स्थिति पहले से ही चिंता का विषय थी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि समय रहते इस पर ध्यान क्यों नहीं दिया गया और किसी बड़ी परेशानी का इंतजार क्यों किया गया।

0 टिप्पणियाँ