क्षतिग्रस्त रेलवे पुलिया का निर्माण 45 दिनों में, चरचा मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद
कोरिया। नेशनल हाईवे से नगर पालिका शिवपुर-चरचा को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर रेलवे की क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। शनिवार सुबह पुलिया का हिस्सा धंसने की घटना के बाद रेलवे के अधिकारी चंद घंटे के भीतर अंबिकापुर से मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रारंभिक तौर पर पुलिया की क्षति के लिए एसईसीएल के कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की आवाजाही को जिम्मेदार बताया है। निरीक्षण के बाद क्षतिग्रस्त पुलिया के पुनर्निर्माण में करीब 45 दिन का समय लगने की बात सामने आई है। इसके चलते चरचा मुख्य मार्ग पर लगभग डेढ़ माह तक आवागमन प्रभावित रहने की संभावना है। विशेष रूप से कोयला परिवहन के लिए उपयोग होने वाला मार्ग बंद रहने से क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था पर भी असर पड़ेगा।
पहले ही जर्जरता को लेकर प्रकाशित हुई थी खबर
पुलिया की स्थिति को लेकर पूर्व में भी समाचार प्रकाशित कर संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिया और सड़क के कमजोर होने के संकेत पहले से दिखाई दे रहे थे। सड़क के हिस्से के नीचे धंसने तथा भारी वाहनों की लगातार आवाजाही को लेकर भी सवाल उठाए गए थे।
इसके बावजूद समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं होने के बाद अब पुलिया का एक हिस्सा धंस गया और मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है कि यदि पहले प्रकाशित खबरों को गंभीरता से लिया जाता तो संभवतः मार्ग बंद होने जैसी स्थिति से बचा जा सकता था।
25 हजार आबादी प्रभावित
शिवपुर-चरचा क्षेत्र की करीब 25 हजार की आबादी के लिए यह मार्ग महत्वपूर्ण है। मार्ग बंद होने से स्कूल बसों, स्थानीय नागरिकों और बाजार आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। 21 सितंबर से परीक्षाएं शुरू होने के कारण विद्यार्थियों और अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है। अब लोगों की नजर रेलवे द्वारा प्रस्तावित पुनर्निर्माण कार्य पर है और जल्द से जल्द आवागमन बहाल करने की मांग की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ