Ticker

6/recent/ticker-posts

शिक्षा की गुणवत्ता से समझौता नहीं, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायत पर प्रधान पाठक निलंबित

 


कोरिया। जिले में स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने और विद्यालयों में अनुशासित एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत की जांच के बाद प्राथमिक शाला अंगवाही के प्रधान पाठक सुशील कुमार तिवारी को निलंबित किया गया है।

जानकारी के अनुसार, विकासखंड सोनहत स्थित प्राथमिक शाला अंगवाही के प्रधान पाठक सुशील कुमार तिवारी के विरुद्ध मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग द्वारा मामले की जांच कराई गई। जांच में शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाने के बाद विभाग ने कार्रवाई की। कलेक्टर के निर्देशों के परिपालन में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा प्रधान पाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने का आदेश जारी किया गया है।

विभाग का कहना है कि विद्यालयों में बच्चों के हित और उनकी शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। शिक्षकों एवं विद्यालयीन कर्मचारियों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समयबद्धता और जिम्मेदारी के साथ करें।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई का उद्देश्य किसी कर्मचारी को दंडित करना मात्र नहीं, बल्कि विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना है। बच्चों के भविष्य से जुड़े कार्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा कर्तव्य के प्रति शिथिलता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

विभाग ने सभी शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमों का पालन करते हुए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग की अपेक्षा की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ