बैकुण्ठपुर। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के स्थानांतरण का आदेश जारी किया है। मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से 29 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार बड़ी संख्या में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरण किया गया है। जारी आदेश में पत्र क्रमांक ESTB 102(1)/414/2026-GAD-4 के तहत अधिकारियों को उनके नाम के सामने दर्शाए गए नवीन पदस्थापना स्थल पर आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से पदस्थ करने का उल्लेख किया गया है। आदेश के अनुसार कुल 125 अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। इसी स्थानांतरण सूची में बैकुण्ठपुर के वरिष्ठ श्रेणी अधिकारी डॉ. उमेश पटेल का भी स्थानांतरण किया गया है। डॉ. उमेश पटेल वर्तमान में कोरिया जिले के बैकुण्ठपुर में पदस्थ थे। शासन के आदेश के तहत उन्हें वरिष्ठ कार्यालय बिलासपुर में पदस्थ किया गया है। डॉ. उमेश पटेल के स्थानांतरण की जानकारी सामने आने के बाद प्रशासनिक क्षेत्र में भी इसकी चर्चा शुरू हो गई है। उनके स्थानांतरण को शासन द्वारा किए गए व्यापक प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा माना जा रहा है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि स्थानांतरण प्रशासनिक आधार पर किए गए हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश के अनुसार नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। राज्य शासन द्वारा एक साथ 125 राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के स्थानांतरण से प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं संभागों में प्रशासनिक स्तर पर बदलाव देखने को मिलेगा। वहीं बैकुण्ठपुर से डॉ. उमेश पटेल के स्थानांतरण के बाद उनके स्थान पर आगामी दिनों में किस अधिकारी की पदस्थापना होती है, इस पर भी प्रशासनिक एवं स्थानीय स्तर पर नजर बनी हुई है।

0 टिप्पणियाँ