रक्तदान से जीवन बचाने की मुहिम कोरिया में फिर तेज, 24 सितंबर को विशाल शिविर
कोरिया। “खून की हर बूंद किसी न किसी के लिए सांस के समान है, देना ही जीना है”—इसी मानवीय भावना के साथ कोरिया जिले में रक्तदान को लेकर एक बार फिर पहल की जा रही है। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत आगामी 24 सितंबर 2026 को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर एसईसीएल क्लब, गौतम सदन, ऑफिसर्स कॉलोनी बैकुंठपुर में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। कलेक्टर रिक्किमा यादव के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बलवंत सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर को जिले में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। खासकर सिकलिन से पीड़ित बच्चों, गर्भवती महिलाओं, दुर्घटना में घायल मरीजों और गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध होना बेहद जरूरी है।
कोरिया में रक्तदान को लेकर पहले भी होती रही पहल
कोरिया जिले में यह पहला अवसर नहीं है जब रक्तदान के लिए संगठित प्रयास किया जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार जिले में इससे पहले रियार्थ फाउंडेशन द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था, जिसने स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जोड़ने में भूमिका निभाई। इसके बाद तत्कालीन कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के कार्यकाल में भी रक्तदान शिविर आयोजित हुआ। वहीं अंचल राजवाड़े तथा कटकोना के श्री मिश्रा सहित अन्य सामाजिक प्रयासों के माध्यम से भी रक्तदान की मुहिम को आगे बढ़ाया गया। अब कलेक्टर रिक्किमा यादव के निर्देशन में चिकित्सा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह शिविर इस मुहिम को प्रशासनिक स्तर पर आगे बढ़ाने का प्रयास है। लगातार रक्तदान शिविर आयोजित होने से जिले के रक्त कोष को मजबूत करने में मदद मिल सकती है।
सिकलिन मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता अहम
जिला चिकित्सालय में सिकलिन से पीड़ित मरीजों और विशेषकर बच्चों को कई बार रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे समय में रक्तदाताओं, सामाजिक संगठनों और स्वास्थ्य विभाग के सामूहिक प्रयास से जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराया जाता है। यही कारण है कि नियमित स्वैच्छिक रक्तदान को स्वास्थ्य व्यवस्था का महत्वपूर्ण सहयोग माना जाता है। रक्तदान करने वालों को जिला प्रशासन की ओर से सम्मान पत्र प्रदान किया जाएगा। प्रशासन ने अधिकारी-कर्मचारियों, युवाओं, व्यापारियों, पत्रकारों, साहित्यकारों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से शिविर में भाग लेने की अपील की है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सामान्यतः 18 से 60 वर्ष की आयु तथा 45 किलोग्राम से अधिक वजन वाले स्वस्थ व्यक्ति, निर्धारित चिकित्सकीय जांच और पात्रता पूरी करने पर रक्तदान कर सकते हैं। रक्तदान से पहले स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा आवश्यक जांच की जाएगी।
रक्तदान चाहे सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से हो, किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने के लिए हो या समाजसेवा के प्रति व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के कारण—यदि इससे किसी जरूरतमंद मरीज तक रक्त पहुंचता है तो उसका उद्देश्य सार्थक हो जाता है। कोरिया में लगातार हो रहे ऐसे प्रयास निश्चित रूप से रक्त की जरूरत वाले मरीजों के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।



0 टिप्पणियाँ