बैकुंठपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को जिलेभर में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने पूरे विधि-विधान और परंपरागत तरीके से अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के बाजारपारा स्थित छठ घाट पर शाम होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। वहीं गढ़ेलपारा स्थित गेज नदी के घाट पर आस्था का विशेष नजारा देखने को मिला। यहां कई व्रती महिलाएं छठी मैया के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करते हुए दंडवत प्रणाम करती हुई जमीन पर लेटकर घाट तक पहुंचीं और विधि-विधान से सूर्य देव को अर्घ्य दिया। इस दौरान गढ़ेलपारा के लोकगीत गायक लालू राजा ने छठ महापर्व से जुड़े पारंपरिक गीतों और भजनों की मधुर प्रस्तुति दी। उनकी गायकी ने घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया और पूरे माहौल को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। छठ पर्व को लेकर केवल बैकुंठपुर ही नहीं, बल्कि पूरे कोरिया जिले में उत्साह का माहौल रहा। रामपुर, खुटहनपारा और चरचा कॉलरी सहित विभिन्न स्थानों के छठ घाटों पर भी बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं, उनके परिजन और श्रद्धालु पहुंचे। घाटों पर सजी पूजा की टोकरी, फल-फूल, दीपों की रोशनी और छठी मैया के पारंपरिक गीतों ने पर्व की सुंदरता को और बढ़ा दिया। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और अनुशासन देखने को मिल रहा है। अब सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही छठी मैया की पूजा-अर्चना पूर्ण कर चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

0 टिप्पणियाँ