बैकुण्ठपुर। कोरिया जिले के बैकुण्ठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलका में आपसी रंजिश और विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि एक युवक ने अपने ही जीजा की जान ले ली। शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान साले ने जीजा पर मुक्कों और लोहे के कड़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से जीजा की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी साले को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात करीब 8 बजे ग्राम सलका के बसोरपारा की है। यहां निवासी जितेंद्र बसोर और उसके साले सन्नी (उम्र करीब 20 वर्ष) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान सन्नी शराब के नशे में था। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि सन्नी ने अपने जीजा जितेंद्र के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी और मुक्कों के साथ हाथ में पहने लोहे के कड़े से उसके शरीर पर कई वार किए। हमले में जितेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल जितेंद्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल बैकुण्ठपुर पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सन्नी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका, परिजनों ने की गिरफ्तारी की मांग
घटना के बाद मंगलवार सुबह मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण सिटी कोतवाली बैकुण्ठपुर पहुंचे। परिजनों ने मामले में अन्य लोगों के भी शामिल होने की आशंका जताई और उनकी भूमिका की जांच कर गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान थाने में कुछ देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए कहा कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर उचित कार्रवाई होगी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी सन्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस घटना के कारणों, विवाद की वास्तविक वजह और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। एक पारिवारिक विवाद में हुई इस हत्या ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। जिस रिश्ते में अपनापन और विश्वास होना चाहिए था, उसी रिश्ते का अंत एक दर्दनाक हत्या के रूप में हुआ।

0 टिप्पणियाँ