बैकुंठपुर। बैकुंठपुर और शिवपुर-चरचा नगर पालिका में आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होती नजर आ रही हैं। चुनावी माहौल बनने के साथ ही भाजपा और कांग्रेस के बीच संगठनात्मक सक्रियता और शक्ति प्रदर्शन की तस्वीर भी सामने आने लगी है। फिलहाल सार्वजनिक आयोजनों और संगठन की सक्रियता के मामले में भाजपा आगे दिखाई दे रही है, जबकि कांग्रेस शहर में अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश करती नजर आ रही है। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरिया द्वारा दीपावली के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित दिव्यलोक परिसर में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े और भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में जिले के भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक शामिल हुए। जिला मुख्यालय में पहली बार इस तरह के दीपावली मिलन समारोह के आयोजन को आगामी नगर पालिका चुनाव की तैयारियों के नजरिए से भी देखा जा रहा है। एक ही मंच पर मंत्री, दोनों विधायक, संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने भाजपा की एकजुटता का संदेश देने का प्रयास किया। बैकुंठपुर नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा को स्थानीय विधायक के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष और नगर पालिका अध्यक्ष का भी समर्थन प्राप्त दिखाई दे रहा है।
ऐसे में पार्टी संगठन चुनाव से पहले अपनी ताकत और एकजुटता प्रदर्शित करने में जुटा है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की सक्रियता फिलहाल अपेक्षाकृत कम नजर आ रही है। बैकुंठपुर नगर पालिका के वर्तमान उपाध्यक्ष आशीष यादव उर्फ लल्ला ही पोस्टर और प्रचार सामग्री के माध्यम से अपनी राजनीतिक सक्रियता प्रदर्शित करते दिखाई दे रहे हैं। शहर में कांग्रेस की ओर से अब तक भाजपा के समान कोई बड़ा सामूहिक आयोजन या व्यापक शक्ति प्रदर्शन सामने नहीं आया है।राजनीतिक जानकारों की नजर अब इस बात पर है कि कांग्रेस आगामी दिनों में किस तरह अपनी चुनावी रणनीति तैयार करती है और संगठन के नेताओं व कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाकर चुनावी माहौल बनाने में कितनी सफल होती है। बैकुंठपुर और शिवपुर-चरचा दोनों नगर पालिकाओं में आगामी चुनाव भाजपा और कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन सकते हैं। फिलहाल भाजपा जहां संगठनात्मक एकजुटता के साथ मैदान में सक्रिय नजर आ रही है, वहीं कांग्रेस के सामने अपनी ताकत दिखाने और शहर में राजनीतिक माहौल बनाने की चुनौती दिखाई दे रही है।


0 टिप्पणियाँ