Ticker

6/recent/ticker-posts

संवेदनशीलता की मिसाल: विधायक भैयालाल राजवाड़े ने देर रात कराया शव वाहन उपलब्ध, रामगढ़ पहुंचाया गया पार्थिव शरीर

 


बैकुण्ठपुर। जनप्रतिनिधि की वास्तविक पहचान केवल विकास कार्यों और राजनीतिक गतिविधियों से नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में जरूरतमंदों के साथ खड़े होने से भी होती है। ऐसा ही एक मानवीय और संवेदनशील पहल का मामला जिला चिकित्सालय बैकुण्ठपुर में देर रात सामने आया, जहां एक मरीज के निधन के बाद परिजनों को पार्थिव शरीर घर ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था नहीं मिल पा रही थी। ऐसी कठिन परिस्थिति में पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक भैयालाल राजवाड़े ने तत्परता दिखाते हुए मदद का हाथ बढ़ाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात्रि जिला चिकित्सालय बैकुण्ठपुर में भर्ती रामगढ़ निवासी रेशमी का दुखद निधन हो गया। परिवार पहले से ही अपने सदस्य को खोने के गहरे सदमे में था। इसके बीच पार्थिव शरीर को अस्पताल से अपने गृह ग्राम रामगढ़ ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था नहीं हो पाने से परिजनों की परेशानी और बढ़ गई। रात का समय होने के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

इसकी जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक भैयालाल राजवाड़े ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अस्पताल प्रबंधन के माध्यम से तत्काल वाहन की व्यवस्था कराई। इसके बाद पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक रामगढ़ पहुंचाया जा सका। विधायक की इस पहल से दुख की घड़ी में परेशान परिजनों को बड़ी राहत मिली। इस मानवीय सहयोग के लिए परिजनों ने विधायक भैयालाल राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। इस घटना ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जनसेवा केवल मंचों और भाषणों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि जरूरत के समय पीड़ित परिवार के साथ खड़े होना ही सच्ची संवेदनशीलता है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ