चरचा में फिर सक्रिय हुए कोयला चोर! रात में 100 बोरी अवैध कोयला पकड़ाया, थाना के बगल से चोरी का आरोप
बैकुण्ठपुर। कोरिया जिले के चरचा क्षेत्र में एक बार फिर अवैध कोयला चोरी का मामला सामने आया है। क्षेत्र में कोल माफियाओं की सक्रियता बढ़ने की चर्चाओं के बीच बीती रात एसईसीएल कर्मचारियों ने करीब 100 बोरी अवैध कोयला पकड़ा। इस घटना के बाद क्षेत्र में कोयले के अवैध कारोबार को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार चरचा क्षेत्र में कथित रूप से कोयला चोरी का खेल दोबारा शुरू हो गया है। आरोप है कि कोयला चोर रात के अंधेरे में पिकअप और मोटरसाइकिल के माध्यम से बोरियों में भरकर कोयला बाहर निकालते हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि चरचा थाना के आसपास से ही इस तरह की गतिविधियां संचालित होने की चर्चा है, लेकिन चोरी पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। बताया जाता है कि बीते वर्ष भी सोशल मीडिया पर रात के समय पिकअप वाहन में बोरियां भरकर अवैध कोयला ले जाने के वीडियो वायरल हुए थे। इसके बावजूद क्षेत्र में कोयले के अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक नहीं लग सकी।
पुलिस संरक्षण के आरोप, जांच की मांग
स्थानीय स्तर पर कुछ लोगों द्वारा थाना में पदस्थ कुछ कर्मचारियों पर कथित संरक्षण देने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। चर्चा है कि कुछ कर्मचारी लंबे समय से एक ही थाना क्षेत्र में पदस्थ हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच कर स्थिति स्पष्ट करना जरूरी है।
अवैध ईंट भट्ठों तक पहुंच रहा कोयला?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चोरी किया गया कोयला क्षेत्र के अवैध ईंट भट्ठों तक पहुंचाया जाता है। इस पूरे मामले में खनिज विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। यदि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कोयले का अवैध परिवहन हो रहा है तो नियमित जांच और कार्रवाई क्यों नहीं दिखाई दे रही है? अब सवाल यह है कि एसईसीएल कर्मचारियों द्वारा करीब 100 बोरी कोयला पकड़े जाने के बाद पुलिस और खनिज विभाग आगे क्या कार्रवाई करते हैं। क्षेत्रवासियों ने अवैध कोयला कारोबार पर रोक लगाने, संबंधित वाहनों की जांच करने और पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ