बैकुंठपुर। चरचा के स्वामी आत्मानंद स्कूल में मधुमक्खियों के हमले में दर्जनों बच्चों के घायल होने की घटना के बाद जिला अस्पताल बैकुंठपुर में बच्चों का उपचार जारी है। घटना के बाद जिला पंचायत सदस्य गीता राजवाड़े एवं शिवकांत राजवाड़े अस्पताल पहुंचे और घायल बच्चों का हालचाल जाना। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर चिकित्सकों से बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली। हालांकि, इस दौरे को लेकर एक सवाल भी चर्चा में है। जिले में इससे पहले भी कई बड़ी घटनाएं हुईं, लेकिन जनप्रतिनिधियों की सक्रियता को लेकर सवाल उठते रहे। ऐसे में घायल बच्चों से मिलने अस्पताल पहुंचना निश्चित रूप से सराहनीय पहल है, मगर संवेदनशीलता केवल हालचाल पूछने और तस्वीरें साझा करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए।
एक सवाल, जो शायद मुलाकात के दौरान छूट गया!
बताया जा रहा है कि मधुमक्खी हमले में घायल एक बालिका का उसी दिन जन्मदिन भी था। कुछ घंटे पहले ही अस्पताल अधीक्षक द्वारा बच्ची का जन्मदिन मनाए जाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गई थीं। ऐसे में अस्पताल पहुंचीं जनप्रतिनिधि से उम्मीद थी कि वे उस बच्ची के जन्मदिन की जानकारी लेकर उसे भी कुछ पल खुशियां देने का प्रयास करतीं। सोशल मीडिया पर अस्पताल पहुंचने की तस्वीरें तो सामने आ गईं, लेकिन उस बच्ची के जन्मदिन का जिक्र नजर नहीं आया। बहरहाल, बच्चों का हाल जानने अस्पताल पहुंचना अच्छी बात है, लेकिन जनप्रतिनिधियों की असली पहचान संकट की घड़ी में संवेदनशीलता, निरंतर उपस्थिति और पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहने से होती है। घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के साथ उम्मीद है कि उनकी समस्याओं और सुरक्षा के सवालों पर भी गंभीर पहल होगी।

0 टिप्पणियाँ