बैकुंठपुर। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल कुमार चौक में मोटरसाइकिल की डिक्की से 30 हजार रुपये चोरी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी भी फरार है। फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 मई 2026 को कुमार चौक क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की थी। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने वाहन की डिक्की में रखे 30 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने के बाद पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में मदद मिली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झागरपुर, थाना पत्थरगांव निवासी विशाल उर्फ हरि को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी उठाईगीरी और चोरी जैसी घटनाओं में संलिप्त रहा है। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच जारी है। वहीं इस वारदात में शामिल दूसरा आरोपी धर्मेंद्र उर्फ धर्मेंद्र नट अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। सिटी कोतवाली पुलिस का कहना है कि भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में सक्रिय ऐसे गिरोह लोगों की लापरवाही का फायदा उठाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इसलिए नागरिकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे वाहन की डिक्की में बड़ी रकम, मोबाइल, लैपटॉप, आभूषण या अन्य कीमती सामान रखने से बचें। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का मानना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा हो सकता है। फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है और शेष आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

0 टिप्पणियाँ