कोरिया। जिले के नौगई गांव में हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर मामले की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) करेगी। राज्य सरकार ने मामले की सीबीआई जांच के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही मृतकों के परिजनों की लंबे समय से की जा रही निष्पक्ष जांच की मांग पूरी हो गई है।
ज्ञात हो कि कोरिया जिले के नौगई गांव में रेत खनन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक रूप ले बैठा था। इस घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों भरत सिंह, नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया था और मृतकों के परिजन लगातार मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए इसे सीबीआई को सौंपने की मांग कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने अब सीबीआई जांच की सहमति प्रदान करते हुए अधिसूचना जारी कर दी है। इसके बाद जांच की जिम्मेदारी केंद्रीय एजेंसी के पास चली जाएगी। इससे पहले प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी थी। इसके बाद सरकार ने मामले में सीबीआई जांच कराने का निर्णय लिया। माना जा रहा है कि सीबीआई अब पूरे घटनाक्रम, रेत खनन विवाद की पृष्ठभूमि, हत्या के कारणों तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच करेगी। सीबीआई जांच की घोषणा के बाद मृतकों के परिजनों और क्षेत्र के लोगों को निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की उम्मीद जगी है।

0 टिप्पणियाँ