कोरिया। कोरिया जिले में एक गर्भवती महिला से कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और इसकी गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 5 जुलाई एवं 10 जुलाई को सिटी कोतवाली बैकुंठपुर में अलग-अलग आवेदन देकर रमेश टेकाम एवं दरोगा सिंह के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया कि उसे जबरन उसके ससुराल से उठाकर ले जाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि वह गर्भवती है और आरोपियों ने उसके गर्भ को नुकसान पहुंचाने की नीयत से जबरन गर्भपात की दवा खिलाने का प्रयास किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। लगभग 14 दिनों तक फरार रहने के बाद दोनों आरोपी सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में छिपे मिले, जहां से पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दोनों को बैकुंठपुर लाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पीड़िता के पति ने बताया कि उसने महिला से कोर्ट मैरिज की थी और दोनों साथ रह रहे थे। उनके अनुसार, कुछ लोग जबरन घर पहुंचे और महिला को अपने साथ ले गए। बाद में महिला ने उसके साथ दुष्कर्म किए जाने तथा गर्भपात कराने के उद्देश्य से जबरन दवा खिलाने का आरोप लगाया।
इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पीड़ित पक्ष ने दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
नोट: यह समाचार पुलिस में दर्ज शिकायत और उपलब्ध जानकारी पर आधारित है। मामले के आरोप न्यायालय में सिद्ध होना शेष हैं।

0 टिप्पणियाँ