बैकुण्ठपुर। कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने सोमवार को चेरवापारा स्थित निर्माणाधीन न्यायाधीश आवासीय एवं न्यायाधीश भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान पीएचई विभाग के अधिकारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने भवन के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता तथा शेष बचे कार्यों की जानकारी अधिकारियों से ली। अधिकारियों ने बताया कि भवन का अधिकांश निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि कुछ अंतिम चरण के कार्य अभी शेष हैं, जिन्हें शीघ्र पूरा किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, भवन निर्माण के दौरान कुछ तकनीकी कमियां सामने आने के कारण इसे पूर्व में न्यायिक विभाग को हस्तांतरित नहीं किया जा सका था। अब उन कमियों को दूर करने का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है और शेष कार्य भी अंतिम चरण में हैं। कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि भवन को शीघ्र उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके पहले पटना नव निर्मित तहसील भवन का भी निरीक्षण किया था। वहां भी उन्होंने भवन की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और शेष कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर रोक्तिमा यादव लगातार जिले में निर्माणाधीन एवं नव निर्मित शासकीय भवनों का निरीक्षण कर उनकी वास्तविक स्थिति का आकलन कर रही हैं। निरीक्षण के माध्यम से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ ही अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को बेहतर शासकीय सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकें।

0 टिप्पणियाँ