Ticker

6/recent/ticker-posts

स्वस्थ कोरिया, सशक्त कोरिया के लक्ष्य पर जोर, जिला स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश


कोरिया। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य मिशन एवं जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, गैर संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग, आयुष्मान भारत योजना, महामारी नियंत्रण सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता जिले के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण, संवेदनशील एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान टीकाकरण अभियान एवं अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की ऑनलाइन डेटा एंट्री समय पर करने के निर्देश दिए गए, ताकि शासन स्तर पर सही एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध हो सके। आकांक्षी विकासखंडों के स्वास्थ्य सूचकांकों में उल्लेखनीय सुधार लाने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में हाइपरटेंशन एवं डायबिटीज स्क्रीनिंग की प्रगति की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कम जन्म वजन वाले शिशुओं एवं कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान, उपचार तथा आवश्यकता अनुसार पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। जननी सुरक्षा योजना एवं जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं को योजनाओं का लाभ बिना किसी विलंब के मिल सके। बरसात के मौसम को देखते हुए संभावित जलजनित एवं संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि किसी भी संभावित महामारी की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा दवाइयों, जांच सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखें। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। अंत में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा में पूर्ण करते हुए जिले को "स्वस्थ कोरिया, सशक्त कोरिया" के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ाया जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ