बैकुण्ठपुर। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कोरिया रोक्तिमा यादव ने कार्यालयीन कार्य व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के नवीन पदस्थापना संबंधी आदेश जारी किए हैं। 17 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार पूर्व कार्य विभाजन आदेश को अधिक्रमित करते हुए अधिकारियों को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से विभिन्न तहसीलों में पदस्थ किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार मुकुंददेव प्रसाद यादव को तहसीलदार पोड़ी (बचरा) से स्थानांतरित कर तहसीलदार सोनहत बनाया गया है। वहीं संजय कुमार राठौर को सोनहत से स्थानांतरित कर तहसीलदार पोड़ी (बचरा) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार रोशनी तिर्की, जो वर्तमान में तहसीलदार बैकुण्ठपुर के पद पर कार्यरत थीं, उन्हें तहसीलदार पटना पदस्थ किया गया है। बैकुण्ठपुर में नायब तहसीलदार शुभम कोरले को प्रभारी तहसीलदार बैकुण्ठपुर का दायित्व सौंपा गया है। आदेश के तहत सिराज अहमद, जो नायब तहसीलदार पोड़ी (बचरा) के पद पर कार्यरत थे, उन्हें नायब तहसीलदार बैकुण्ठपुर पदस्थ किया गया है। वहीं प्रीति भगत, नायब तहसीलदार सोनहत तथा अभिमन्यु पाण्डेय, प्रभारी नायब तहसीलदार पटना (सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख) को यथावत उनके वर्तमान दायित्वों पर बनाए रखा गया है। कलेक्टर द्वारा जारी इस प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य राजस्व कार्यों में तेजी लाना, कार्यालयीन व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा आम नागरिकों को बेहतर राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराना माना जा रहा है। आदेश पर कलेक्टर रोक्तिमा यादव के डिजिटल हस्ताक्षर हैं और इसमें स्पष्ट किया गया है कि यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा। जिले में इस प्रशासनिक बदलाव के बाद संबंधित तहसीलों में राजस्व कार्यों के संचालन में नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारी अपना कार्यभार संभालेंगे।

0 टिप्पणियाँ