Ticker

6/recent/ticker-posts

स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिलों के विरोध में कांग्रेस का आंदोलन तेज, समाधान नहीं होने पर विद्युत विभाग घेराव की चेतावनी


बैकुण्ठपुर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (शहर) बैकुण्ठपुर की मासिक बैठक शनिवार, 1 अगस्त 2026 को जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष यादव (लल्ला) के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा के साथ विशेष रूप से प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट बिजली मीटरों और उनके कारण उपभोक्ताओं पर पड़ रहे अतिरिक्त बिजली बिलों के आर्थिक बोझ को प्रमुख मुद्दा बनाया गया।

बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद अनेक उपभोक्ताओं ने अपेक्षा से अधिक बिजली बिल आने की शिकायत की है, जिससे आम और मध्यमवर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। उपस्थित नेताओं ने कहा कि यदि इस समस्या का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस जनहित में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी और विद्युत विभाग का घेराव कर विरोध प्रदर्शन करेगी। बैठक में सर्वसम्मति से मांग की गई कि वर्तमान में लगाए गए स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने बिजली मीटर पुनः लगाए जाएं। साथ ही उपभोक्ताओं को जारी किए गए अतिरिक्त एवं कथित रूप से गलत बिजली बिलों को तत्काल निरस्त किया जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली जैसी आवश्यक सेवा में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अतिरिक्त आर्थिक भार जनता के हितों के विपरीत है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के अधिकारों और हितों की लड़ाई लड़ती रही है तथा भविष्य में भी आम नागरिकों की समस्याओं को लेकर संघर्ष जारी रखेगी। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष यादव (लल्ला) ने कहा कि यदि विभाग और शासन ने जनता की शिकायतों पर गंभीरता नहीं दिखाई तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और सरकार की होगी। बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने, जनसमस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनने और उन्हें संगठन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक के अंत में कांग्रेस नेताओं ने दोहराया कि पार्टी जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी और आम जनता को राहत दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखा जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ