कोरिया जिले के बैकुंठपुर तहसील अंतर्गत ग्राम शंकरपुर में भूमि संबंधी गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है, जिससे एक बार फिर क्षेत्र में भू-माफियाओं के सक्रिय होने की आशंका गहरा गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित भूमि के खसरा नंबर 157 में मूल रूप से पांच लोगों का नाम दर्ज होना चाहिए था, जिसकी पुष्टि ग्राम सरपंच द्वारा जारी वंश वृक्ष से भी होती है। बताया जा रहा है कि सरपंच द्वारा तैयार किए गए वंश वृक्ष में स्पष्ट रूप से पांच वारिसों का उल्लेख है और इनमें से एक की मृत्यु हुई है अन्य बच्चे व पत्नी है। इसके बावजूद, राजस्व अभिलेखों में कथित रूप से हेरफेर करते हुए केवल एक व्यक्ति का नाम दर्ज कर लिया गया। आरोप है कि यह कार्य भू-माफियाओं की मिलीभगत से किया गया। मामले में 12 फरवरी 2026 को राजस्व त्रुटि सुधार के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इसके बाद 25 फरवरी 2026 को पटवारी द्वारा पंचनामा भी तैयार किया गया। लेकिन हैरानी की बात यह है कि 25 मार्च 2026 को संबंधित भूमि की रजिस्ट्री कर दी गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि धारा 115 के प्रावधानों का दुरुपयोग कर एक व्यक्ति के नाम पर जमीन दर्ज कराई गई और तत्पश्चात उसे बेच दिया गया। यह पूरा मामला प्रशासनिक लापरवाही और भू-माफियाओं के बढ़ते प्रभाव की ओर इशारा करता है। ग्रामीणों ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए न्याय सुनिश्चित करता है।

0 टिप्पणियाँ