Ticker

6/recent/ticker-posts

कोरिया जिले को मिली 6 नई डायल-112 वाहन, विधायक ने दिखाई हरी झंडी


कोरिया। जिले में आपातकालीन पुलिस सहायता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए पुलिस लाइन बैकुंठपुर से 6 नवीन डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन वाहनों के संचालन से आम नागरिकों को त्वरित सुरक्षा, आपातकालीन सहायता तथा पुलिस सेवाएं पहले की अपेक्षा अधिक प्रभावी एवं शीघ्रता से उपलब्ध हो सकेंगी।

कार्यक्रम में बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े, कोरिया कलेक्टर रोक्तिमा यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े सहित पुलिस विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने नवीन वाहनों का अवलोकन किया तथा जिले की सुरक्षा व्यवस्था में इनके महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विधायक भैयालाल राजवाड़े ने कहा कि राज्य शासन द्वारा जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। डायल-112 सेवा के माध्यम से सड़क दुर्घटना, अपराध, विवाद, चिकित्सा आपातकाल एवं अन्य संकट की स्थिति में नागरिकों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि कोरिया जिले को प्राप्त 6 नए वाहनों से पुलिस की पहुंच दूरस्थ क्षेत्रों तक और अधिक सशक्त होगी तथा घटनास्थल पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो सकेगी। कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने भी इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आधुनिक संसाधनों से लैस इन वाहनों के संचालन से आमजन को बेहतर सुरक्षा सेवाएं मिलेंगी। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने नागरिकों से आवश्यकता पड़ने पर डायल-112 सेवा का उपयोग करने की अपील भी की। जनसुरक्षा और त्वरित पुलिस सहायता को मजबूत करने की दिशा में कोरिया जिले को मिली यह सौगात कानून व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ