Ticker

6/recent/ticker-posts

कटगोडी स्वास्थ्य केन्द्र की लापरवाही उजागर: इमरजेंसी में ताला, घायल मरीज तड़पता रहा


बैकुण्ठपुर। कोरिया जिले के कटगोडी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है। बीती रात लगभग 11:30 बजे एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति इलाज की आस लेकर स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचा, लेकिन वहां का नजारा चौंकाने वाला था। इमरजेंसी समय में भी स्वास्थ्य केन्द्र के मुख्य द्वार पर ताला लटका मिला, जबकि अंदर मौजूद कर्मचारी गहरी नींद में सोते पाए गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल व्यक्ति दर्द से कराहता रहा और उसके साथ आए लोग लगातार दरवाजा खटखटाते रहे, लेकिन काफी देर तक किसी ने दरवाजा नहीं खोला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। बाद में काफी मशक्कत के बाद कर्मचारियों को जगाया गया, तब जाकर मरीज को प्राथमिक उपचार मिल सका।

यह घटना स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। इमरजेंसी सेवाओं के लिए निर्धारित समय में यदि अस्पताल बंद मिले और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी से बेखबर सोते रहें, तो यह सीधे तौर पर मरीजों की जान से खिलवाड़ है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोग ऐसे स्वास्थ्य केन्द्रों पर ही निर्भर रहते हैं, ऐसे में इस प्रकार की घटनाएं चिंता का विषय हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कटगोडी जैसे मुख्य स्वास्थ्य केन्द्र का यह हाल है, तो वनांचल और दूरदराज के क्षेत्रों में स्थित उपस्वास्थ्य केन्द्रों की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोहराई न जाए। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि समय रहते इस तरह की लापरवाहियों पर रोक नहीं लगाई गई, तो यह आमजन के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ