Ticker

6/recent/ticker-posts

नवपदस्थ कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने संभाली कमान, प्रशासनिक कार्यों में तेजी के संकेत


बैकुण्ठपुर। कोरिया जिले की नवपदस्थ कलेक्टर रोक्तिमा यादव सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचीं, जहां स्थानीय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। जिले में नई कलेक्टर की आमद के साथ प्रशासनिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच भी नई कार्यशैली को लेकर उत्साह देखा गया।

कलेक्टर रोक्तिमा यादव के जिला मुख्यालय पहुंचने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने समय सीमा (टीएल) बैठक लेकर जिले की प्रशासनिक व्यवस्था, लंबित प्रकरणों एवं विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में आम जनता से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण, राजस्व प्रकरणों की समीक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल एवं ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशानुरूप योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने और शिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर भी जोर दिया। जिले में नई कलेक्टर के आगमन को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आम लोगों को उम्मीद है कि विकास कार्यों में गति आएगी तथा प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। कलेक्टर रोक्तिमा यादव के नेतृत्व में जिले में सुशासन और जनहित से जुड़े कार्यों को नई दिशा मिलने की संभावना जताई जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ