बैकुण्ठपुर। कोरिया जिले के पूर्व कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक नवाचार, जनसरोकार और विकास कार्यों के माध्यम से जिले को नई पहचान दिलाने का कार्य किया। उनके नेतृत्व में जिले में ऐसे कई अभियान संचालित हुए, जिनकी चर्चा केवल प्रदेश ही नहीं बल्कि देश स्तर तक हुई। आम जनता के बीच सरल व्यवहार और त्वरित निर्णय क्षमता के कारण वे लोगों के बीच लोकप्रिय प्रशासनिक अधिकारी के रूप में उभरे। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया। उनके मार्गदर्शन में जिले में एक ही दिन में लगभग 260 सोखता गड्ढों की खुदाई करवाई गई, जिसने जल संरक्षण के क्षेत्र में एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया। इस पहल का उद्देश्य वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देना और भूजल स्तर को सुरक्षित रखना था। इस अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला और ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
इसके अलावा “आवा पानी झोकी” अभियान भी उनके कार्यकाल की बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहा। जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन से जुड़े इस अभियान की सराहना प्रदेश सहित देशभर में हुई। अभियान के माध्यम से लोगों को जल के महत्व के प्रति जागरूक किया गया और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया। प्रशासन और आम जनता की सहभागिता से यह अभियान सफल साबित हुआ। इस पहल ने कोरिया जिले को जल संरक्षण के क्षेत्र में अलग पहचान दिलाई।
पूर्व कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के कार्यकाल में पर्यटन और सौंदर्यीकरण को भी विशेष प्राथमिकता दी गई। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल झुमका बांध में ओपन थिएटर का निर्माण कराया गया, जो पूरे संभाग का पहला ओपन थिएटर माना जा रहा है। यह कोरिया जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि रही। इस ओपन थिएटर का उद्घाटन स्वयं मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ द्वारा किया गया था। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सामाजिक आयोजनों और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने लगा है। शहर के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यटन विकास को लेकर किए गए कार्यों के कारण चंदन त्रिपाठी का कार्यकाल आज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासनिक कार्यशैली, नवाचार और जनहितकारी सोच के चलते उन्होंने कोरिया जिले का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया।

0 टिप्पणियाँ