बैकुण्ठपुर। कोरिया जिले के खाड़ा क्षेत्र स्थित अंधा मोड़ पर गुरुवार दोपहर को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पटना की ओर से आ रहा चावल से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल चालक को 108 संजीवनी एक्सप्रेस की मदद से जिला चिकित्सालय बैकुण्ठपुर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक में बड़ी मात्रा में चावल लोड था। अंधा मोड़ पर पहुंचते ही वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस टीम ने घायल चालक को प्राथमिक सहायता प्रदान करते हुए जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों द्वारा घायल चालक का उपचार किया जा रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उसका एक्स-रे एवं सीटी स्कैन कराया जा रहा है। अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी लगातार उसके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक चालक की पहचान और उसके परिजनों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी थी। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर दूसरी ट्रक पहुंची, जिसमें पलटे हुए ट्रक में लदा चावल स्थानांतरित कर ले जाया गया। बताया जा रहा है कि यह वाहन भी उसी परिवहन कंपनी से संबंधित था। स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन सोहेल कंपनी का बताया जा रहा है।
इस बीच कुछ स्थानीय लोगों ने कंपनी से जुड़े व्यक्तियों से घायल चालक के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया। सूत्रों के अनुसार जब उनसे चालक की पहचान के बारे में पूछा गया तो कथित तौर पर कहा गया कि वे चालक को नहीं जानते, साथ ही यह भी कहा गया कि वह शराब का सेवन करता था। इस कथन को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कंपनी चालक को पहचानती ही नहीं है तो उसके संबंध में ऐसी टिप्पणी किस आधार पर की गई।
घटना के बाद मानवता और जिम्मेदारी को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। लोगों का कहना है कि किसी भी परिवहन कंपनी की जिम्मेदारी केवल माल की सुरक्षा तक सीमित नहीं होती, बल्कि वाहन चला रहे चालक की सुरक्षा और उसके उपचार की व्यवस्था भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। ऐसे समय में घायल चालक की पहचान और उसके परिवार तक सूचना पहुंचाना भी आवश्यक माना जाता है। स्थानीय नागरिकों ने इस सड़क दुर्घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि ट्रक में चावल लोड था, चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जाना चाहिए। जांच से यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा तकनीकी खराबी, सड़क की स्थिति, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ। फिलहाल जिला चिकित्सालय में घायल चालक का इलाज जारी है और स्वास्थ्य कर्मी उसकी देखभाल में जुटे हुए हैं। वहीं स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन और संबंधित विभाग इस मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।




0 टिप्पणियाँ