Ticker

6/recent/ticker-posts

कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता, नीट पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के मुद्दे पर चलाए जाएंगे जिला स्तरीय कार्यक्रम


बैकुण्ठपुर। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने नीट पेपर लीक, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान की जानकारी दी। इस दौरान बताया गया कि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए 19 जून से जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला मुख्यालयों में सार्वजनिक प्रस्तुतिकरण और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही समस्याओं, पेपर लीक की घटनाओं, परीक्षाओं के निरस्त होने, सरकारी नौकरियों में भर्ती की धीमी प्रक्रिया और युवाओं के सामने खड़ी बेरोजगारी की चुनौतियों को जनता के बीच रखा जाएगा। कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि हाल के वर्षों में कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक होने और परीक्षाएं रद्द होने की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। युवाओं को लंबे समय तक भर्ती परीक्षाओं और नियुक्तियों का इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे उनमें निराशा का माहौल है। पार्टी इन मुद्दों को संगठित रूप से उठाकर सरकार का ध्यान आकर्षित करना चाहती है। प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि अभियान के तहत छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, औऔशर नागरिक समाज के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रमों में राजस्थान के कोटा में आयोजित "छात्रों की गूंज" रैली में उठाए गए मुद्दों और कांग्रेस नेतृत्व के संदेश को भी साझा किया जाएगा। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठ अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोगों तक छात्रों और युवाओं की समस्याएं पहुंच सकें। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह अभियान छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती देने तथा शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर जनजागरूकता बढ़ाने और सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए कांग्रेस लगातार प्रयास करती रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ