बैकुंठपुर। कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामले में जिला न्यायालय में पदस्थ एक महिला न्यायिक अधिकारी के सरकारी आवास को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि यह सरकारी बंगला पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के ठीक सामने स्थित है।
जानकारी के अनुसार, जिला न्यायालय में द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश (वरिष्ठ श्रेणी) के पद पर पदस्थ न्यायिक अधिकारी ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान अपने गृह नगर रायपुर गई हुई थीं। 24 मई से 7 जून तक अवकाश पर रहने के दौरान 3 जून को उन्होंने अपने मोबाइल से आवास में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी की। कैमरे में आलमारी खुली दिखाई दी और घर का सामान बिखरा हुआ नजर आया। स्थिति संदिग्ध लगने पर उन्होंने सुरक्षा गार्ड तथा न्यायालय के कर्मचारी को बंगले में जाकर जांच करने के लिए कहा। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। सूचना मिलने के बाद न्यायिक अधिकारी उसी रात रायपुर से बैकुंठपुर पहुंचीं और घर में रखे सामान का मिलान किया। जांच में पता चला कि आलमारी में रखे सोने, चांदी और हीरे के जेवर सहित कई कीमती वस्तुएं गायब हैं।
चोरी हुए सामान में सोने का ब्रेसलेट, झुमके, अंगूठियां, कान के टॉप्स, चांदी के आभूषण, पायल, घड़ियां, मोबाइल फोन और एक आईपैड शामिल है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 9 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना की रिपोर्ट सिटी कोतवाली बैकुंठपुर में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही जिला न्यायालय परिसर में लगे एयर कंडीशनरों के कॉपर पाइप चोरी होने की घटना भी सामने आई थी। लगातार हो रही चोरियों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेष रूप से एसपी कार्यालय के सामने स्थित सरकारी आवास में चोरी की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ