बैकुण्ठपुर। हाई स्कूल द टाउन हाउस होटल के सामने उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब सड़क किनारे बिजली का तार अचानक जलने लगा। स्थानीय लोगों ने तत्काल स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिजली विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही विभाग ने बिना देर किए संबंधित क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद कर दी, जिससे संभावित बड़े हादसे को टालने में मदद मिली।
घटना के दौरान कुछ लोग हड़बड़ी में तार के पास से गुजरते नजर आए, वहीं एक युवक तो शॉर्ट सर्किट के बेहद करीब खड़ा हो गया, जो किसी भी वक्त गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता था। हालांकि समय रहते लोगों को वहां से हटाया गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
बताया जा रहा है कि सूचना देने के मात्र एक मिनट के भीतर ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरी मुस्तैदी के साथ आग लगे तार को ठीक करने में जुट गई। टीम की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो विभाग की कार्यशैली को दर्शाता है। इन दिनों भीषण गर्मी के चलते बिजली की मांग में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे ट्रांसफार्मर और तारों पर दबाव बढ़ गया है। यही कारण है कि शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं। इसके बावजूद बिजली विभाग की मैदानी टीम लगातार सक्रिय रहकर समस्याओं का समाधान कर रही है, जो निश्चित रूप से सराहनीय है। स्थानीय नागरिकों ने भी बिजली विभाग की त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि समय पर कदम नहीं उठाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।


0 टिप्पणियाँ