कोरिया। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम भांडी क्षेत्र में स्थित पुल के पास मंगलवार तड़के लगभग 3 बजे एक कार दुर्घटना का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार में आ रही कार अचानक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। घटना के समय आसपास सन्नाटा था, लेकिन आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में सवार लोगों को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत यह रही कि जिस नहर में कार गिरी, उसमें उस समय पानी नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि नहर में पानी भरा होता तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त पुल और उसका आसपास का क्षेत्र पहले से ही डेंजर जोन के रूप में चिन्हित किया जा चुका है। यातायात विभाग द्वारा एक बार इस क्षेत्र का सर्वे भी किया गया था, जिसमें यहां सुरक्षा उपायों की आवश्यकता बताई गई थी। इसके बावजूद अब तक न तो कोई चेतावनी संकेत लगाए गए हैं और न ही सुरक्षा के अन्य ठोस इंतजाम किए गए हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पुल के आसपास उचित सुरक्षा व्यवस्था, जैसे बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल, इस हादसे में किसी के घायल न होने से राहत की बात जरूर है, लेकिन यह घटना प्रशासन के लिए एक चेतावनी भी है कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं।


0 टिप्पणियाँ