बैकुण्ठपुर। कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन त्रिपाठी एवं एसडीएम उमेश पटेल के निर्देशानुसार तहसील बैकुण्ठपुर में राजस्व कार्यों में उल्लेखनीय तेजी देखने को मिल रही है। ई-डिस्ट्रिक्ट के माध्यम से प्रदान की जाने वाली आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सेवाओं के निराकरण में तहसील प्रशासन ने शत-प्रतिशत सफलता हासिल करते हुए सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण किया है।
सीमांकन के मामलों में भी सक्रियता दिखाते हुए बैकुण्ठपुर मुख्यालय से अब तक कुल 78 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। राजस्व पखवाड़ा के प्रथम चरण में नगर क्षेत्र में लगाए गए शिविरों में प्रशासन की तत्परता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। शिविर में पहुंचे आवेदक रवि शंकर राजवाड़े, उजित नारायण सिंह एवं जिर्जोधन सिंह ने जाति प्रमाण पत्र हेतु आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर मौके पर उपस्थित तहसीलदार अमृता सिंह ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आवेदन स्वीकार कर तत्काल प्रमाण पत्र प्रदान किया। शिविर के दौरान कुल 51 आवेदन आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र के लिए प्राप्त हुए, जिनका शत-प्रतिशत निराकरण कर लिया गया। इस त्वरित कार्यवाही से आमजनों में संतोष का माहौल है और प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है। तहसीलदार अमृता सिंह ने राजस्व निरीक्षकों (आरआई) एवं पटवारियों को निर्देशित किया है कि नामांतरण, बंटवारा, फौती नामांतरण एवं सीमांकन जैसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्रता से निराकृत किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। तहसील प्रशासन द्वारा राजस्व पखवाड़ा के अंतर्गत लगातार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को उनके क्षेत्र में ही सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इससे न केवल समय और संसाधनों की बचत हो रही है, बल्कि पारदर्शिता भी सुनिश्चित हो रही है। कुल मिलाकर तहसील बैकुण्ठपुर में राजस्व सेवाओं के क्षेत्र में तेजी और बेहतर कार्यप्रणाली का प्रभाव स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।

0 टिप्पणियाँ