Ticker

6/recent/ticker-posts

घड़ी चौक में दिनदहाड़े बाइक की डिक्की तोड़कर 30 हजार की चोरी, CCTV में कैद हुए आरोपी



बैकुण्ठपुर। जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर के व्यस्ततम घड़ी चौक क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े बाइक की डिक्की तोड़कर 30 हजार रुपये चोरी करने की घटना से हड़कंप मच गया। वारदात उस समय हुई जब पंचायत सचिव कबीर दास जिला सहकारी बैंक से राशि निकालकर स्टाम्प खरीदने घड़ी चौक पहुंचे थे। घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और बाजार क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोहों पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार पंचायत सचिव कबीर दास ने जिला सहकारी बैंक से 30 हजार रुपये निकाले थे। बैंक से निकलने के बाद वे घड़ी चौक स्थित एक टाइपिंग दुकान के पास अपनी बाइक खड़ी कर स्टाम्प लेने चले गए। इसी दौरान पहले से रेकी कर रहे दो युवकों ने मौका पाकर बाइक की डिक्की तोड़ दी और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक आरोपी नीली वर्दी पहने हुए था तथा उसके गले में बैच भी लटका हुआ था। बताया जा रहा है कि दूसरा युवक बाइक स्टार्ट कर पास में खड़ा था। जैसे ही नकदी निकाली गई, दोनों आरोपी तेजी से मौके से भाग निकले। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में अंजाम दे दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आरोपी कैमरे में कैद हो गए हैं। फुटेज में एक युवक नीली वर्दी और गले में बैच लगाए दिखाई दे रहा है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने लोगों को भ्रमित करने के लिए कर्मचारी या अधिकारी जैसा वेश धारण किया था। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि आरोपी बैंक से ही पंचायत सचिव का पीछा कर रहे थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ