बैकुण्ठपुर। पिछले दो दिनों से रामपुर क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में बिजली व्यवस्था प्रभावित रहने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लगातार बिजली बाधित रहने पर कई ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए, वहीं विभाग का कहना है कि शुक्रवार रात आई तेज आंधी और बारिश के कारण स्थिति गंभीर हो गई थी। तेज हवा के चलते दर्जनों पेड़-पौधे और बिजली तार प्रभावित हुए, जिससे कई स्थानों पर विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बिजली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरी रात शहर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था बहाल करने के लिए कार्य किया। स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे और कर्मचारियों के साथ मिलकर गिरे पेड़ों को हटाने एवं लाइन सुधार कार्य में सहयोग करते दिखाई दिए। विभाग के अनुसार अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई है, लेकिन रामपुर क्षेत्र में सूक्ष्म फॉल्ट (माइनर तकनीकी खराबी) के कारण समस्या पूरी तरह दूर नहीं हो सकी है। बिजली विभाग का कहना है कि कर्मचारियों की टीम लगातार क्षेत्र में कार्य कर रही है और जल्द ही बिजली व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि ट्रांसफार्मर की कोई कमी नहीं है। जहां भी ट्रांसफार्मर खराब या फेल हो रहे हैं, वहां तत्काल नए ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल की जा रही है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि बारिश के मौसम को देखते हुए पहले से जरूरी तैयारी और नियमित मेंटेनेंस कार्य किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की परेशानी से बचा जा सके। फिलहाल बिजली विभाग ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है।

0 टिप्पणियाँ