बैकुंठपुर। नगर पालिका क्षेत्र में आयोजित सुशासन तिहार के तहत सांस्कृतिक भवन में समस्या निराकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष नविता शिवहरे स्वयं पहुंचीं और आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में विभिन्न वार्डों के नागरिक उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों को सौंपे। नगर पालिका अध्यक्ष नविता शिवहरे ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि शासन की मंशा आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है और इसी उद्देश्य से सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित अधिकारियों को समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं को खुलकर रखने की अपील भी की। कार्यक्रम के दौरान वार्ड क्रमांक 17 की पार्षद शिल्पा गुप्ता भी मौजूद रहीं। वहीं नगर पालिका उपाध्यक्ष आशीष यादव ने भी सांस्कृतिक भवन पहुंचकर वार्डवासियों से चर्चा की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नगर पालिका स्तर पर जो भी समस्याएं हैं, उनका निराकरण कराने का प्रयास किया जाएगा। वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद मनीष सिंह भी शिविर में उपस्थित रहे और लोगों से बातचीत कर समस्याओं को सुना। इस दौरान नगर पालिका के पूर्व एल्डरमैन मोनु माझी भी शिविर में पहुंचे और आम नागरिकों से चर्चा की। शिविर में सबसे प्रमुख मुद्दा गेज नदी की सफाई का रहा। वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद सुनील गुप्ता ने गेज नदी में फैली गंदगी और नगर पालिका द्वारा नदी क्षेत्र में कचरा फेंके जाने का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी मुख्यमंत्री जनदर्शन के दौरान नदी की सफाई और कचरा फेंकने पर रोक लगाने की मांग की गई थी। उस समय प्रशासन द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। उन्होंने एक बार फिर सुशासन तिहार के माध्यम से आवेदन देकर गेज नदी की साफ-सफाई और प्रदूषण रोकने की मांग की है।
वहीं आवेदक महेंद्र ने भी गेज नदी की स्थिति को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जनदर्शन में शिकायत के बाद कलेक्टर द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि गेज नदी क्षेत्र में नगर पालिका कचरा नहीं फेंकेगी और इसके लिए बड़गांव में वैकल्पिक स्थान निर्धारित किया गया था। लेकिन लगभग 10 माह बीत जाने के बाद भी आदेश का पालन नहीं किया गया और शहर का कचरा अब भी नदी किनारे डाला जा रहा है।
महेंद्र ने कहा कि यदि समय रहते गेज नदी की सफाई नहीं कराई गई और नगर पालिका द्वारा इसी प्रकार कचरा फेंका जाता रहा तो आने वाले समय में बैकुंठपुर नगर पालिका क्षेत्र को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गंभीर विषय पर न तो नगर पालिका के जनप्रतिनिधि गंभीर दिखाई दे रहे हैं और न ही ग्राम पंचायत तलवापारा के जनप्रतिनिधि इस दिशा में कोई ठोस पहल कर रहे हैं। सुशासन तिहार के इस शिविर में सड़क, पेयजल, सफाई, नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी बड़ी संख्या में आवेदन दिए गए। लोगों ने प्रशासन से जल्द निराकरण की मांग की। वहीं वार्ड क्रमांक 10 के पूर्व पार्षद आफदाब अहमद ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 के सुशासन तिहार में भी उनके द्वारा कई मांगें और समस्याएं रखी गई थीं, लेकिन आज तक उनका समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि केवल आवेदन लेने तक सीमित न रहकर समस्याओं का जमीनी स्तर पर निराकरण भी सुनिश्चित किया जाए। शिविर के दौरान नागरिकों में यह उम्मीद दिखाई दी कि इस बार उनकी समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई होगी और लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान प्रशासन एवं नगर पालिका द्वारा किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ