कोरिया। कोरिया पुलिस ने सराफा बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी का मात्र आधे घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए लगभग 62 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण भी 100 प्रतिशत बरामद कर लिए हैं। इस त्वरित कार्रवाई की व्यापारियों और आम नागरिकों ने सराहना की है, वहीं जिले में हुई अन्य बड़ी चोरी और लूट की घटनाओं की जांच को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 मई 2026 को बैकुण्ठपुर के सराफा बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में ग्राहक बनकर पहुंची दो महिलाओं ने मौका पाकर करीब 62 हजार रुपये मूल्य के सोने एवं चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे के नेतृत्व में थाना बैकुण्ठपुर एवं साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस टीम ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने चोरी की घटना स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुशबू सोनवानी (19 वर्ष) एवं सुनीता सोनवानी (35 वर्ष), निवासी केनापारा जिला कोरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी गए सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना बैकुण्ठपुर में अपराध क्रमांक 171/2026 के तहत धारा 305(अ) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। हालांकि सराफा दुकान चोरी के मामले में पुलिस की इस सफलता के बीच जिले में हुई अन्य घटनाओं की जांच को लेकर चर्चा भी तेज हो गई है। बीते बुधवार को बैकुण्ठपुर के घड़ी चौक में दिनदहाड़े एक मोटरसाइकिल की डिक्की से 30 हजार रुपये चोरी होने की घटना सामने आई थी। इस मामले में संदिग्ध आरोपियों की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आ चुके हैं, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसी तरह तलवापारा क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी का मामला भी अब तक अनसुलझा है।

0 टिप्पणियाँ