बैकुण्ठपुर। शहर में लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं के बीच कोरिया पुलिस द्वारा “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें” अभियान के तहत जागरूकता पोस्टर जारी किया गया है। पोस्टर में लोगों को बैंक से पैसा निकालने के बाद सावधानी बरतने, वाहन की डिक्की में नगदी या कीमती सामान नहीं रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है। हालांकि शहर में हाल ही में हुई दिनदहाड़े लूट की घटना के बाद लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि पुलिस प्रशासन बड़ी घटनाओं के बाद ही जागरूकता अभियान चलाता है।
जारी पोस्टर में बताया गया है कि बैंक से पैसा निकालने के बाद लापरवाही करने पर उठाईगिरी और डिक्की चोरी जैसी घटनाएं हो सकती हैं। स्कूटी, मोटरसाइकिल और कार की डिक्की में नगदी, पर्स या अन्य कीमती सामान नहीं रखने की सलाह दी गई है। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की जानकारी तत्काल पुलिस को देने कहा गया है। पोस्टर में डायल 112 और कोरिया पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर भी जारी किया गया है। लेकिन दूसरी ओर शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, छिंददांड तथा लोक-परलोक ढाबा के पीछे हुई बड़ी चोरियों का मामला आज तक नहीं सुलझ पाया है। महीनों बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
इसी बीच बुधवार को शहर में दिनदहाड़े लूट की वारदात ने पुलिस के सामने एक नई चुनौती खड़ी कर दी है। घटना के बाद शहरवासियों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं। लोगों का कहना है कि शहर में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन अपराधियों पर लगाम लगाने में पुलिस अब तक पूरी तरह सफल नहीं हो पाई है। कई मामलों में केवल जांच और आश्वासन तक ही कार्रवाई सीमित रह जाती है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि जागरूकता पोस्टर जारी करना अच्छी पहल है, लेकिन इसके साथ-साथ अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई और लंबित मामलों का खुलासा भी जरूरी है। लोगों ने मांग की है कि शहर में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, सीसीटीवी निगरानी मजबूत की जाए और पुराने चोरी के मामलों का जल्द खुलासा किया जाए ताकि आम जनता का पुलिस पर भरोसा कायम रह सके। अब देखने वाली बात होगी कि कोतवाली पुलिस पिछले महीनों से लंबित चोरी के मामलों और हाल ही में हुई दिनदहाड़े लूट की घटना का खुलासा कितनी जल्दी कर पाती है। शहरवासियों की नजरें अब पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

0 टिप्पणियाँ